आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल पंप हाउस में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026 का जागरूकता कार्यक्रम आयोजन किया गया
Samachar Chhattisgarh Korba..सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल, पंप हाउस परिसर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों की भी सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की प्राचार्य प्रभा सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यातायात नियमों की जानकारी बचपन से ही दी जानी चाहिए, ताकि बच्चे आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बन सकें। उन्होंने स्कूल स्तर पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की निरंतरता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री राम किशोर यादव, ASI यातायात प्रभारी मनोज राठौर ने सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त अपील की। साथ ही मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने को जानलेवा बताते हुए इससे बचने की सलाह दी।
कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी-सी सतर्कता से रोका जा सकता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 250 लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रश्न-उत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




















