कोरबा में शहीद अजय भारद्वाज को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए शहीद जवान अजय भारद्वाज की स्मृति में विद्युत गृह स्कूल परिसर में श्रद्धांजलि सभा (सार्गी/स्मृति कार्यक्रम) का आयोजन किया गया।
शहीद अजय भारद्वाज का जन्म 11 दिसंबर 1985 को हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा विद्युत गृह स्कूल, कोरबा पूर्व में संपन्न हुई। वे बी.ए. पास थे और देश सेवा के उद्देश्य से आरक्षक पद पर भर्ती होकर नक्सल प्रभावित राजनंद गांव में पदस्थ थे।
कर्तव्य पथ पर रहते हुए 12 जुलाई 2009 को नक्सल प्रभावित क्षेत्र में देश की रक्षा करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए।
श्रद्धांजलि सभा में शहीद की माता सुभाष भारद्वाज एवं उनके चाचा देव नारायण भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय, खेल शिक्षक एस.डी. बघेल, रज्जू शान, लेखापाल, आर.के. कश्यप, लक्ष्मी नारायण गुरुजी, प्राचार्य अश्वनी चतुर्वेदी सहित विद्यालय स्टाफ एवं अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
सभी उपस्थितजनों ने शहीद अजय भारद्वाज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं उपस्थित जनसमूह ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




















