Home Social कोरबा में 18 जनवरी को सजेगी “व्यंजनों की बगिया”, माँई G फाउंडेशन...

कोरबा में 18 जनवरी को सजेगी “व्यंजनों की बगिया”, माँई G फाउंडेशन का भव्य सांस्कृतिक एवं महिला सशक्तिकरण आयोजन

79
0

कोरबा में 18 जनवरी को सजेगी “व्यंजनों की बगिया”, माँई G फाउंडेशन का भव्य सांस्कृतिक एवं महिला सशक्तिकरण आयोजन

 

Samachar Chhattisgarh Korba.कोरबा। महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में सतत कार्य कर रही माँई G फाउंडेशन सोसायटी द्वारा छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और पारंपरिक व्यंजनों के संवर्धन हेतु एक भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ओपन थिएटर घंटाघर कोरबा में रविवार 18 जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक “व्यंजनों की बगिया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्वाद और परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चीला, फरा, अइरसा, पीडिया, पपची, देहरौरी, बड़ी, बिजौरी, दही मिर्ची सहित अनेक पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल सजेंगे।

इसके साथ ही दर्शकों के मनोरंजन एवं सहभागिता के लिए फुगड़ी, खो-खो, कुर्सी दौड़, पतंग उड़ाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। वहीं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ी वेशभूषा प्रतियोगिता एवं छत्तीसगढ़ी व्यंजन थाली सजाओ प्रतियोगिता रखी गई है, जिनका समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है।

छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने हेतु शाम 4 बजे से प्रसिद्ध पंडवानी गायिका पूजा दीवान द्वारा पंडवानी की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी गीत-संगीत, नृत्य, सुआ, गेड़ी, करमा, ददरिया, छेरछेरा जैसी मनमोहक प्रस्तुतियाँ कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।

इस अवसर पर पहली बार माँई G फाउंडेशन एवं AP प्रोडक्शन के संयुक्त तत्वावधान में छत्तीसगढ़ी मॉडलिंग शो का आयोजन भी किया जा रहा है। AP प्रोडक्शन के प्रमुख  अनुराग पटेल ने बताया कि यह कोरबा के लिए एक नया और अनोखा आयोजन होगा, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी देते हुए संरक्षिका श्रीमती होमा खान, अध्यक्ष  निधि तिवारी, उपाध्यक्ष  श्रद्धा बुंदेला, कोषाध्यक्ष  पुष्पा तिवारी, सचिव  हेमा शर्मा, सह-सचिव रोशनी तिवारी एवं मीडिया प्रभारी  रूपा तिवारी ने अधिक से अधिक लोगों से इस आयोजन में शामिल होकर छत्तीसगढ़ी संस्कृति और व्यंजनों का आनंद लेने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here