तीन दिवसीय ‘मां तुझे सलाम’ आयोजन घंटाघर ओपन थिएटर में भव्य शुभारंभ, पहले दिन उमड़ा जनसैलाब
रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, गणतंत्र दिवस पर होगा भव्य समापन
Samachar Chhattisgarh Korba.
कोरबा घंटाघर ओपन थिएटर मे तीन दिवसीय गणतंत्र दिवस विशेष आयोजन ‘मां तुझे सलाम’ का प्रथम दिवस शनिवार को भव्य शुभारंभ के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ की गई। पहले ही दिन आयोजन स्थल पर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, अति विशिष्ट अतिथि नगर पालिका निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निर्विरोध निर्वाचित पार्षद एवं भाजपा युवा मोर्चा जिला महामंत्री नरेंद्र देवांगन, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष देवेंद्र पांडे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी तथा सुमित ज्वेलर्स के संचालक पारस जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन न्यूज़ 36गढ़ के संपादक मनोज मिश्रा ने दिया। उन्होंने कहा कि ‘मां तुझे सलाम’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक सोच का संगम है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, सहभागियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक है। उन्होंने स्टॉल लगाने वाले सभी सहभागियों को बधाई देते हुए खुले मंच से आयोजन की प्रशंसा की।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा में इस प्रकार का नवीन और व्यापक आयोजन स्वागतयोग्य है। ऐसे आयोजनों से कोरबा सहित छत्तीसगढ़ का नाम प्रदेश और देश के पटल पर स्थापित होता है। वहीं सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि इस तरह के आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।
प्रथम दिवस पर ही कार्यक्रम स्थल पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। ट्रेड फेयर में लगे विभिन्न स्टॉल्स पर लोगों ने उत्सुकता के साथ जानकारी ली, जिससे आयोजन की रौनक और बढ़ गई।
कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक सुमित ज्वेलर्स रहे, जबकि ऑफिशियल फूड पार्टनर STAY ORRA रहा।
ऑटोमोबाइल सेक्शन में टाटा, होंडा, टीवीएस, टोयोटा, महिंद्रा, KTM, रॉयल एनफील्ड और गुड लक ई-रिक्शा के स्टॉल्स आकर्षण का केंद्र बने।
शिक्षा क्षेत्र में फिजिक्स वाला सहित अन्य संस्थानों के स्टॉल्स पर छात्र-छात्राओं की भीड़ नजर आई। वहीं सोलर विस्टा सहित अन्य कंपनियों द्वारा सोलर आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जिसे लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा गया।
फूड जोन में स्वादिष्ट व्यंजनों की भरमार रही। खंडवा से आए जड़ी-बूटी उत्पादों के स्टॉल, कोरबा के वनवासी एवं सुदूर ग्रामीण अंचलों से आए बांस एवं ग्रामीण उत्पाद लोगों के लिए खास आकर्षण बने। कई आगंतुकों ने बताया कि ऐसे उत्पाद उन्होंने कोरबा में पहली बार देखे।
आयोजकों द्वारा मुख्य द्वार पर आगंतुकों के लिए लकी ड्रॉ कूपन की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक घंटे तीन उपहारों का लकी ड्रॉ निकाला जा रहा है, जिसे लेकर बच्चों, युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह है।
यह आयोजन आयोजन समिति के सदस्य मनोज मिश्रा, राजेश मिश्रा, लाल बाबू चौधरी, जितेंद्र सिंह राजपूत, पवन सिन्हा एवं ऋषभ शुक्ला के संयुक्त प्रयासों से संपन्न हो रहा है। उनकी योजनाबद्ध तैयारी और समन्वय का ही परिणाम है कि प्रथम दिवस पर ही आयोजन को व्यापक जनसमर्थन मिला।
कुल मिलाकर ‘मां तुझे सलाम’ आयोजन का पहला दिन ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी, जबकि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर आयोजन का भव्य समापन किया जाएगा।




















