प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट पर कार्रवाई की मांग, फेसबुक सीईओ पर FIR की मांग – नूतन सिंह ठाकुर
कोरबा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट
वायरल होने के मामले में कोरबा नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने इस मामले को गंभीर साजिश बताते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित शिकायत सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से फेसबुक पर कई अज्ञात और कथित फेक आईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री पोस्ट की जा रही है। आरोप है कि कुछ पोस्ट में प्रधानमंत्री की तस्वीरों को एडिट कर उन्हें विदेशी महिलाओं के साथ जोड़कर अभद्र टिप्पणियां की गई हैं, जिससे समाज में भ्रम और आक्रोश फैलाने की कोशिश की जा रही है।
नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि बिना किसी प्रमाण के देश के प्रधानमंत्री पर गंभीर आरोप लगाना न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि इससे सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक माहौल खराब हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के पोस्ट लाखों लोगों तक पहुंच रहे हैं, जिससे समर्थकों में आक्रोश पैदा कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी है कि वह भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं पर निगरानी रखे और उन्हें रोके। शिकायत में फेसबुक प्रबंधन को भी इस मामले में जिम्मेदार ठहराते हुए फेसबुक इंडिया के सीईओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
इस दौरान नूतन सिंह ठाकुर के साथ अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी लक्ष्मण पटेल, अशोक पाल, महेश्वर सिंह, हरिश्चंद्र भारती, दीपक साहू और उत्तम आदिले भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पुलिस प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




















