बालको प्रोजेक्ट गेट के सामने दर्दनाक सड़क हादसा — स्विफ्ट कार की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
बालको नगर के मुख्य मार्ग पर बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सुबह की बताई जा रही है। जब युवक अपने घर से ड्यूटी के लिए निकल रहा था तब बालको रोड बीचिंग अल्युमिनियम प्लांट पर ही पहुंचा था जहां तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार, विजय मुखी, जो गोकुल नगर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोरबा का निवासी है, अपने नियमित कार्य पर जाने के लिए अपनी होंडा सीबीआर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 EQ 5263) से बालको प्लांट की ओर आ रहा था।
वह जैसे ही बालको प्रोजेक्ट गेट के सामने मेन रोड पर पहुंचा, उसी समय बालको की ओर से आ रही एक स्विफ्ट कार (क्रमांक CG 12 AY 9186) के चालक ने अपनी कार को अत्यधिक तेज गति एवं खतरनाक तरीके से चलाते हुए सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार विजय मुखी सड़क पर गिर पड़ा गिरने के कारण युवक के सिर,ओर दोनों पैरों तथा बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। आस-पास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को सड़क किनारे से उठाकर बालको अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
वाहन हुआ क्षतिग्रस्त
हादसे में घायल युवक की मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहा था और उसने सड़क सुरक्षा नियमों का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा। सड़क पर सुबह के समय कम ट्रैफिक होने के कारण उसने तेज रफ्तार में वाहन को नियंत्रित नहीं किया और सामने से सीधी टक्कर मार दी
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों की भीड़ जमा हो जाने से वाहन को रोक लिया गया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर कोई सिग्नल या स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण अक्सर वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
पुलिस की कार्यवाही
सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने स्विफ्ट कार को अपने कब्जे में लेकर चालान प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना की रिपोर्ट घायल के भाई द्वारा थाने में दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार, यह पूरी तरह से कार चालक की लापरवाही का परिणाम है।
घायल की हालत स्थिर, उपचार जारी
डॉक्टरों के अनुसार, घायल विजय मुखी के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।




















