बालको सेवा निवृत मैत्री संघ की वार्षिक बैठक एवं स्नेह सम्मेलन में सर्वसम्मति से अजय कुमार दास वैष्णव बने अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी का गठन
बालको। बालको सेवा निवृत मैत्री संघ द्वारा आयोजित वार्षिक बैठक एवं स्नेह सम्मेलन रविवार, 8 फरवरी 2026 को गरिमामय, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर संघ के बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी, वरिष्ठ सदस्य एवं आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करना, आपसी सद्भाव को सुदृढ़ करना तथा भविष्य की कार्ययोजना तय करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन संघ के मुख्य संरक्षक श्री पी. एन. शर्मा एवं श्रीमती इंदु शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। बैठक की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अपने संबोधन में अतिथियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुभवों को समाज और संगठन के लिए अमूल्य बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सदस्यों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करते हैं तथा संगठन को नई दिशा प्रदान करते हैं।
बैठक के दौरान संघ की वार्षिक गतिविधियों, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों, सदस्यों की समस्याओं तथा उनके निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आगामी समय में संगठन को और अधिक सक्रिय, प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिन पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई।
सम्मेलन के प्रमुख चरण में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें श्री अजय कुमार दास वैष्णव को अध्यक्ष चुना गया। श्री एस. एल. साहू को सचिव, श्री ईश्वर चंद्र साहू को सहचिव लीला कांत साहू ओर कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं श्री राम रतन राठौर एवं श्री प्रभु नाथ सिंह को उपाध्यक्ष तथा श्री जी. के. तिवारी को संयोजक नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी सदस्यों को साथ लेकर पारदर्शिता, निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान संघ के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया और उनके अनुभवों को साझा किया गया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने समाजहित में कार्य करने, संगठन को मजबूत बनाने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने का संकल्प लिया।
बैठक के अंत में आभार प्रदर्शन किया गया तथा संघ के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।




















