मथुरा माली मरार पटेल समाज को मिला 10 लाख का सामुदायिक भवन, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया लोकार्पण
Samachar Chhattisgarh Korba.कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को मुड़ापार हेलीपेड क्षेत्र में मथुरा माली मरार पटेल समाज को 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन की सौगात दी। कार्यक्रम में मंत्री देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने मां शाकंभरी देवी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और शहर की सुख-समृद्धि की कामना की तथा फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार सभी समाजों के आर्थिक उत्थान और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कोरबा विधानसभा क्षेत्र में भी समाजों की मांग के अनुरूप विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि समाज की मांग पर प्रभारी मंत्री मद से 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण कराया गया है, जिसे आज समाज को समर्पित किया गया। साथ ही वार्ड क्रमांक 55 सुमेधा नागिन भाटा में भी समाज के लिए 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन की स्वीकृति दी गई है, जिसका निर्माण जल्द पूरा होगा।
मंत्री देवांगन ने मथुरा माली मरार पटेल समाज की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह समाज मेहनतकश और संगठित समाज है, जो खेती-किसानी और सब्जी उत्पादन के साथ अन्य क्षेत्रों में भी लगातार प्रगति कर रहा है।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य धनकुमारी गर्ग, पार्षद ईश्वर पटेल, नरेंद्र देवांगन, मुकुंद कंवर, कोरबा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, रामकृष्ण साहू, स्मिता सिंह, पूर्णिमा पासवान, नवनीत शुक्ला, सुकेश दलाल, संगीता साहू, अनुज यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के प्रमुख एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में कोरबा शहर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वार्डों और बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं के विकास से लेकर बड़े निर्माण कार्यों तक, हर क्षेत्र में तेजी से काम किया जा रहा है।
समाज ने जताया आभार
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष आर.डी. पटेल, महादेव पटेल, लक्ष्मण पटेल, उपाध्यक्ष राजकुमारी पटेल, संध्या पटेल, संगीता पटेल, राम अवतार पटेल, चंद्रलाल पटेल, गोविंद पटेल, संतोषी पटेल, राजाराम पटेल सहित समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंत्री और महापौर का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।




















