रायपुर में महिला पत्रकार को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, हालत गंभीर
Samachar Chhattisgarh.रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक गंभीर सड़क हादसे में महिला पत्रकार गायत्री सिंह बुरी तरह घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार सड़क पार करते समय एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे में उनका मोबाइल फोन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे तत्काल संपर्क करना मुश्किल हो गया
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल पत्रकार को तुरंत डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल के कैजुअल्टी ट्रॉमा यूनिट में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है चिकित्सकों ने बताया कि पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और सर्जरी के साथ अंपुटेशन की आशंका भी जताई जा रही है
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन ट्रक चालक फरार हो गया पुलिस ने आसपास के इलाके को सील कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान की जा रही है प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज गति और लापरवाही बताया जा रहा है
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गायत्री सिंह सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई
इस घटना को लेकर परिवार और पत्रकार संगठनों ने गहरी चिंता जताई है और महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय संदिग्ध ट्रक या वाहन देखा हो तो तुरंत थाने को सूचना दें
फिलहाल, घायल पत्रकार का इलाज जारी है और वे चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में हैं। इस हादसे ने एक बार फिर राजधानी में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं पुलिस ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है




















