Home BREKING NEWS शिव-पार्वती विवाह महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भव्य शिव बारात और...

शिव-पार्वती विवाह महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भव्य शिव बारात और झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

1
0

शिव-पार्वती विवाह महोत्सव में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, भव्य शिव बारात और झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

Samachar Chhattisgarh Korba  पंडित रविशंकर शुक्ला नगर स्थित कपिलेश्वर मंदिर प्रांगण में कपिलेश्वर नाथ महिला मंडल सेवा समिति एवं नगरवासियों के तत्वावधान में आयोजित शिव महापुराण कथा के पांचवें दिवस भगवान भूतभावन शिव और माता पार्वती के पावन विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

कथा व्यास हनुमान दास जी महाराज ने प्रसंग के दौरान सदाशिव से त्रिदेवों की उत्पत्ति, कामदेव-संध्या की उत्पत्ति, पितृ कथा तथा शिव-पार्वती विवाह की दिव्य कथा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि शिव महापुराण के अनुसार सदाशिव और शक्ति से ही त्रिदेव—ब्रह्मा, विष्णु और महेश—की उत्पत्ति हुई, जो क्रमशः रज, सत्व और तम गुणों के प्रतिनिधि बने।

महाराज श्री ने कहा कि माता पार्वती, जो हिमालय की पुत्री थीं, ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए वर्षों तक कठोर तपस्या की। शिव-पार्वती का विवाह स्थल त्रिगुणी नारायण रहा, जहां आज भी पावन अग्निकुंड विद्यमान है, जिसके चारों ओर भगवान शिव और माता पार्वती ने सात फेरे लिए थे।

शिव विवाह महोत्सव के अवसर पर भव्य शिव बारात निकाली गई, जिसमें ऋषि-मुनि, देवता, गण, भूत-प्रेत और विचित्र वेशधारी शामिल रहे। शिव-पार्वती, नारद एवं गणों की आकर्षक झांकी ने सभी का मन मोह लिया। बैंड-बाजे, आतिशबाजी और जयघोष के साथ शिव बारात नगर भ्रमण करते हुए कथा स्थल पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने नृत्य-गान करते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

विवाह प्रसंग में वेद मंत्रों के साथ जयमाला संपन्न कराई गई और उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच बधाइयां लुटाई गईं।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 3 बजे तक रुद्र महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें यज्ञाचार्य पंडित नागेंद्र पांडे जी एवं काशी के विद्वान आचार्यों द्वारा विधिवत वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। वहीं, कथा वाचन प्रतिदिन शाम 4 बजे से हो रहा है।

इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और शिव-पार्वती विवाह महोत्सव को ऐतिहासिक बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here