Home BREKING NEWS सड़कों की दुर्दशा पर 16अक्टूबर को विशाल धरना, 24 से गड्ढा नामकरण...

सड़कों की दुर्दशा पर 16अक्टूबर को विशाल धरना, 24 से गड्ढा नामकरण अभियान

315
0

 

 

सड़कों की दुर्दशा पर 16अक्टूबर को विशाल धरना, 24 से गड्ढा नामकरण अभियान

कोरबा।

Samachar Chhattisgarh Korba.शहर के प्रवेश मार्गों — गौमाता चौक, ईमलीछापर चौक, कटघोरा रोड सहित भीतर की सड़कों की बदहाली को लेकर नागरिकों में गहरा आक्रोश है। सड़कों की मरम्मत नहीं होने और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में 16 अक्टूबर को ट्रांसपोर्ट नगर चौक में विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व जिला कलेक्टर एवं निगम आयुक्त को पत्र देकर सड़कों की मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर सुधारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। आम जनता के आवेदन पर कोई सकारात्मक पहल न होने से लोगों ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।

24 अक्टूबर से “गड्ढा नामकरण अभियान” शुरू

धरना प्रदर्शन के बाद 24 अक्टूबर से गड्ढा नामकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत शहर के जर्जर सड़कों और गड्ढों पर जाकर संबंधित विभागीय अधिकारियों के लिए सद्बुद्धि पूजन कर गड्ढों का नामकरण किया जाएगा। उद्देश्य है – दोषी अधिकारियों की पहचान कर जनता की समस्याओं को प्रशासन के सामने उजागर करना।

विभाग एक-दूसरे पर डाल रहे जिम्मेदारी

पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एसईसीएल सहित संबंधित विभाग एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। इस आपसी पल्ला झाड़ने की प्रवृत्ति से आम नागरिक परेशान हैं और सड़कों की हालत दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।

सभापति ने जताई नाराजगी

नगर निगम सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने कहा कि नागरिकों को सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। निर्वाचित पार्षद जब अधिकारियों के समक्ष समस्याएं रखते हैं तो उनकी अनदेखी की जाती है। अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति कर सरकार को गुमराह कर रहे हैं।

त्योहारी सीजन में जनता बेहाल

त्योहारी सीजन में खराब सड़कों के कारण आम लोग धूल और गड्ढों से परेशान हैं। नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी पीड़ा जाहिर की है, लेकिन प्रशासन अब भी “कुंभकर्णी नींद” में सोया है।

 

आगे का आंदोलन

 

आयोजकों ने चेतावनी दी है कि अगर धरना प्रदर्शन और गड्ढा नामकरण अभियान के बाद भी सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो चक्काजाम और अनशन आंदोलन किया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here