सरकारी स्कूल के खिड़की-दरवाजे उखाड़ ले गया सरपंच पति:बिलासपुर में प्रिंसिपल की शह पर हुई मनमानी; कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

    21
    0

    बिलासपुर जिले के बेलतरा शासकीय हाई स्कूल से खिड़की, दरवाजे, चैनल गेट और टाइल्स समेत लाखों का सामान उखाड़ कर सरपंच पति अपने घर ले गया। प्राचार्य ने सामान ले जाने की सहमति दी, लेकिन विभाग के अफसरों को जानकारी तक नहीं दी गई। अब कलेक्टर के निर्देश पर DEO ने जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने का दावा किया है।

    दरअसल, राज्य शासन ने 65 लाख रुपए खर्च कर बेलतरा में हाई स्कूल भवन का निर्माण कराया है। स्कूल को बने अभी महज कुछ साल ही हुए हैं। इस बीच मरम्मत के नाम पर स्कूल प्रबंधन ने भवन को खाली करा दिया, जहां नियमित कक्षाएं लग रही थी। इस दौरान बगल की बिल्डिंग में क्लास शुरू हो गई।

    स्कूल की खिड़कियां, पत्थर और टाइल्स भी उखड़वा दी गई।
    स्कूल की खिड़कियां, पत्थर और टाइल्स भी उखड़वा दी गई।

    सरपंच पति ले गया खिड़की, दरवाजे और टाइल्स

    कुछ दिन बाद सरपंच ईश्वरी बाई कौशिक का पति राम रतन कौशिक खाली स्कूल भवन में लगे लोहे के चार दरवाजे, 24 खिड़कियां, लोहे की 16 रेलिंग, बाथरूम के 8 रोशनदान, 2 चैनल गेट, फर्श और टाइल्स समेत लाखों का सामान उखाड़कर ले गया। अब स्कूल भवन खंडहर बन गया है। यहां कोई कक्षा भी नहीं लगाई जा रही है।

    बिना अफसरों को बताए प्रिंसिपल ने दी सहमति

    स्कूल के प्राचार्य ने भी खिड़की और दरवाजे निकालने के लिए सरपंच पति को सहमति दे दी। उन्होंने इसके लिए विभाग के अफसरों से भी पूछताछ नहीं की और न ही उन्हें इसकी जानकारी दी। जब ग्रामीणों ने स्कूल भवन को खंडहर देखा तब उन्होंने चोरी की सूचना प्राचार्य के साथ ही अफसरों को दी।

    सरपंच का बेटा गांव में बना रहा है स्कूल

    बताया जा रहा है कि सरपंच ईश्वरी कौशिक का बेटा गांव में प्राइवेट स्कूल चलाता है। इसके लिए उसने नई बिल्डिंग भी बनवाई है। आरोप है कि सरपंच पति ने स्कूल की खिड़कियां और दरवाजों को प्राइवेट स्कूल में लगवा दिया है। स्थानीय लोगों ने मामले की शिकायत कर चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

    स्कूल भवन को खंडहर बना दिया गया है।