होटल के कमरे में युवती की रहस्य मय मौत, साथ ठहरा युवक फरार
Samachar Chhattisgarh Korba कोरबा। शहर के होटल चंदेल में उस समय हड़कंप मच गया, जब होटल स्टाफ ने कमरे का दरवाजा खटखटाने पर अंदर युवती को मृत अवस्था में पाया, जबकि उसके साथ ठहरा युवक रहस्यमय तरीके से फरार था। मृतका की पहचान जांजगीर निवासी युवती के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवती संध्या होटल में जांजगीर के ही राकेश कुमार नामक युवक के साथ ठहरी हुई थी। सुबह जब होटल कर्मियों ने कमरे की सामान्य जांच के लिए दस्तक दी, तो दरवाजा नहीं खुला। शंका होने पर मास्टर चाबी से कमरा खोला गया, जहां बिस्तर पर युवती मृत पड़ी थी, जबकि युवक मौके से गायब था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, फोरेंसिक टीम और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। कमरे की सूक्ष्म जांच कर महत्वपूर्ण सबूत जुटाए गए। पुलिस अब होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिसके आधार पर फरार युवक राकेश कुमार की तलाश तेज कर दी गई है।
मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए सभी संभव एंगल से जांच कर रही है—यह आत्महत्या है, दुर्घटना है या किसी आपराधिक साजिश का हिस्सा, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा।




















