रवि शंकर शुक्ला नगर में किराए के बहाने घुसे आरोपियों ने युवक पर जानलेवा हमला कर लूटपाट की, फरार हुए बदमाश — पुलिस ने की जांच शुरू
Samachar Chhattisgarh Korba.कोरबा जिले से रवि शंकर शुक्ला नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब किराए के बहाने घर में घुसे दो युवकों ने एक युवक पर गले में वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और लूट की वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक देवेश सिंह अपने घर में अकेला मौजूद था। दो युवक किराए पर मकान देखने के बहाने घर पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने मौका पाकर देवेश पर किसी नुकीली वस्तु से गले पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
घायल अवस्था में देवेश ज़मीन पर गिर पड़ा, इसी दौरान दोनों आरोपी घर में रखे कीमती सामान की तलाशी लेने लगे। पीड़ित के बड़े भाई सौरव सिंह ने बताया कि आरोपियों ने घर से कंगन, कान की बाली, चांदी का गिलास और एक बैग में रखे करीब ₹4,000 नकद लेकर फरार हो गए।
खून से लथपथ देवेश ने बड़ी मुश्किल से खुद को संभालते हुए बाहर निकलकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को नज़दीकी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मानिकपुरी थाना पुलिस और रामपुर थाना पुलिस दोनों घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में यह उलझन रही कि वारदात का स्थल किस थाने के अंतर्गत आता है। इस कारण शुरुआती कार्रवाई में थोड़ी देरी हुई।
वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान ने बताया कि आरोपियों ने युवक के गले पर वार कर लूट को अंजाम दिया और मौके से भाग निकले। उन्होंने यह भी कहा कि थाना क्षेत्र को लेकर शुरुआती भ्रम के कारण कार्रवाई थोड़ी देर से शुरू हुई, लेकिन पुलिस अब पूरी सक्रियता से जांच में जुटी है।
इस बीच नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि थाना सीमा को लेकर कोई विवाद नहीं था। सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। साथ ही क्राइम सीन यूनिट भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लग गई है।
पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर संदिग्ध युवकों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल घायल देवेश का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




















