अंधेरे में डूबा महाराणा प्रताप नगर का उद्यान रोशनी के इंतजार में नागरिक
Samachar Chhattisgarh Korba.कोरबा। शहर में नगर निगम के द्वारा लाखों रुपये खर्च कर सुंदर उद्यान तो बना दिए गए हैं, लेकिन उनके रखरखाव की स्थिति बेहद खराब है। महाराणा प्रताप नगर उद्यान और महिला बाल उद्यान में अंधेरा छाया रहने से लोग शाम के समय सैर करने में असहज महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले इन उद्यानों में लाइटें रोजाना जलती थीं और माहौल सुरक्षित लगता था, लेकिन अब महीनों से लाइटें बंद हैं। कई जगह नई लाइटें लगाई गई हैं, पर कोई भी चालू नहीं रहती। बच्चों के झूले भी खराब हालत में हैं, जिससे छोटे बच्चों को खेलने में परेशानी होती है।
स्थानीय निवासी मजित सिंह ने बताया कि “पहले उद्यान में उजाला रहता था और माहौल अच्छा लगता था, लेकिन अब लगातार अंधेरा रहने से असुरक्षा का एहसास होता है।” उन्होंने यह भी कहा कि निगम को कई बार शिकायत की गई है, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
नगर निगम की उदासीनता के कारण शहर के अधिकांश उद्यानों में यही स्थिति बनी हुई है। कई जगह सफाई की कमी, टूटी बेंचें और बंद लाइटें नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।
नागरिकों ने नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी उद्यानों में रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और रखरखाव पर गंभीरता दिखाई जाए।




















