सक्ति में सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की बैठक, सुरक्षा मानक सख्ती से पालन करने के दिए निर्देश
Samachar Chhattisgarh.सक्ति पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार आज सर्राफा दुकानों और व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधों की रोकथाम हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पटेल ने किया। बैठक में थाना प्रभारी सक्ती लखन पटेल, साइबर सेल प्रभारी अमित सिंह और अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में सर्राफा व्यापारी संघ सक्ती नगर एवं आसपास के समस्त व्यापारी, प्रतिष्ठान संचालक और उनके प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रमुख उपस्थित व्यापारी थे—राजेश सराफ (अध्यक्ष), आलोक अग्रवाल (सचिव), दिनेश सराफ (कोषाध्यक्ष), विनोद अग्रवाल (MR), अनिल अग्रवाल (SV), अशोक सराफ, कालू सराफ, किशन देवांगन, सुनील सराफ, संदेश सराफ, सुमित सराफ और अमित सराफ।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सर्राफा व्यापार से जुड़े प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा चोरी, लूट, ठगी और साइबर अपराध जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।
बैठक में दिए गए मुख्य दिशा-निर्देश:
सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था: प्रत्येक दुकान में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे अंदर, बाहर और प्रवेश/निकास द्वार पर अनिवार्य रूप से लगाए जाएँ। रिकॉर्डिंग स्पष्ट हो और कम से कम 30 दिन तक सुरक्षित बैकअप रखा जाए।
कर्मचारी एवं गार्ड वेरिफिकेशन: सभी कर्मचारियों, कारीगरों और सुरक्षा गार्डों का थाना स्तर पर पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य किया गया। बिना सत्यापन किसी को कार्य पर न रखने की हिदायत दी गई।
लेन-देन दिशा-निर्देश: बड़े लेन-देन नगद के बजाय बैंकिंग माध्यमों (चेक, RTGS, NEFT आदि) से करने और लेन-देन का पूर्ण रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का निर्देश। किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तुरंत पुलिस को देने की हिदायत।
सुरक्षा के अन्य उपाय: मजबूत ताले, अलार्म सिस्टम, अग्नि सुरक्षा उपकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और रात के समय अतिरिक्त सतर्कता। दुकान बंद करते समय सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान।
साइबर अपराध से बचाव: साइबर सेल प्रभारी अमित सिंह ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और डिजिटल भुगतान से संबंधित सावधानियों की जानकारी दी। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचित करने का निर्देश।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल ने कहा कि सर्राफा व्यापार अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए सभी व्यापारी पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करें। सुरक्षा मानकों का पालन करने से अपराधों में कमी आएगी और व्यापारी एवं ग्राहक दोनों सुरक्षित रहेंगे।
थाना प्रभारी सक्ती लखन पटेल ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा हेतु सदैव तत्पर है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी।
बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें व्यापारी पुलिस प्रशासन को सहयोग देने और सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।




















