कोरबा में रिश्तों का खौफनाक अंत: पत्नी ने पति को जहर देकर उतारा मौत के घाट, बच्चों के बयान से खुला राज
Samachar Chhattisgarh Korba. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद महिला ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन उसके मासूम बच्चों के बयान पू
पूरी साजिस बेनकाब कर दी
पूरा मामला दर्री थाना क्षेत्र के लाटा बस्ती का है। जानकारी के अनुसार महिला ने पति को जहर देने के बाद खुद ही उसे इलाज के बहाने अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में मामला संदिग्ध आत्महत्या प्रतीत हुआ, लेकिन बच्चों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी मां को पिता को जहर देते हुए देखा है। बच्चों के इस अहम बयान के बाद पुलिस हरकत में आई और अस्पताल से ही आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रेम प्रसंग का खुलासा, प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस पूछताछ में महिला ने पति की हत्या की बात कबूल करते हुए प्रेम प्रसंग का खुलासा किया है। आरोपी महिला ने बताया कि उसका किसी अन्य युवक से संबंध था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस अब आरोपी महिला के प्रेमी की तलाश में जुट गई है। प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम रायगढ़ रवाना की गई है, जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
इलाके में दहशत, दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन
इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















