सीतामढ़ी में दिनदहाड़े चाकूबाजी, नाबालिक पर ताबड़तोड़ हमला, इलाके में नशे का कारोबार बना कारण
Samachar Chhattisgarh Korba.कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी इलाके में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली चाकूबाजी की घटना सामने आई है। रविवार दोपहर करीब 3 बजे PWD रेस्ट हाउस के पीछे, घर के पास खेल रहे एक नाबालिक पर दो युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में नाबालिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, घायल नाबालिक किशन गोस्वामी पर रेलवे स्टेशन मार्ग निवासी मिठू साहू और अंकित ठाकुर ने मोहल्ले में घुसकर गुंडागर्दी करते हुए चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। किशन के दादा ने बताया कि दोनों आरोपी जान से मारने की नीयत से उसके पेट पर चाकू से हमला कर रहे थे। बचाव में किशन ने हाथ आगे किया, जिससे चाकू हाथ में लग गया। यदि ऐसा न होता तो बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीतामढ़ी इलाका लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार का गढ़ बन चुका है। यहां दारू, गांजा, नाइट्रागोली, अंटागोली (मधु मुनक्का), बोनफिक्स जैसे नशे के सामान खुलेआम और आसानी से उपलब्ध हैं। इसी वजह से क्षेत्र में आए दिन मारपीट, छेड़खानी और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आती रहती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि पहले भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं। साल भर में दर्जनभर से अधिक गंभीर मामले सामने आने के बावजूद पुलिस कई मामलों में गंभीरता नहीं दिखाती। नशे के सामान बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सीतामढ़ी इलाका लगातार असुरक्षित होता जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




















