बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की सोमवार रात तबीयत बिगड़ गई। पेट दर्द की शिकायत पर जेल प्रशासन ने माफिया को सुबह 3 बजकर 55 मिनट पर दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। फिलहाल, उसका ICU में इलाज चल रहा है।
बांदा मेडिकल प्रशासन ने सुबह 8 बजे मुख्तार की पहली हेल्थ बुलेटिन जारी की। इसमें बताया कि मुख्तार के पेट में दर्द है। उसे 4-5 दिनों से कब्ज की शिकायत थी। फिलहाल, उसकी हालत स्थिर है।
बेटे ने कहा-पिता के लिए दुआ करें
दैनिक भास्कर से मुख्तार के भाई अफजाल अंसारी ने बताया कि मुझे सुबह वायरलेस मैसेज मिला। मैं प्रयागराज से बांदा जा रहा हूं। वहां पहुंचने के बाद ही कुछ कह पाऊंगा। वहीं, मुख्तार के बेटे उमर अंसारी ने फेसबुक पर लिखा- पिता की हालत बहुत गंभीर है। उनके लिए दुआ करें।
जांच के लिए सैंपल भेजा गया
मुख्तार के वकील नसीम हैदर ने बताया कि जांच के लिए सैंपल भेजा गया है, कोई रिपोर्ट अभी नहीं आई है। उनके पेट में बहुत ज्यादा तकलीफ है। अभी उनकी हालत ठीक नहीं है।
5 दिन पहले बाराबंकी की MP/MLA कोर्ट में गुरुवार (21 मार्च) को फर्जी एम्बुलेंस मामले में सुनवाई हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी होनी थी। मगर मुख्तार पेश नहीं हुआ था। उसकी जगह डिप्टी जेलर महेंद्र सिंह कोर्ट में पेश हुए। मुख्तार के वकील रणधीर सिंह सुमन भी कोर्ट पहुंचे और एक एप्लिकेशन दी थी।



















